रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल जिले के एकलव्य आवासीय विद्यालय छात्रावास, ग्राम हर्री से 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। इस मामले में पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के लापता होने का खुलासा मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब छात्रावास की वॉर्डन ने नियमित हाजिरी ली। अटेंडेंस के दौरान एक छात्रा के अनुपस्थित पाए जाने पर हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, संबंधित छात्रा के कमरे की अन्य छात्राएं छुट्टी पर थीं और वह रात में कमरे में अकेली सो रही थी।
बगल के कमरे में रहने वाली एक छात्रा ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे के बाद उसने लापता छात्रा को छात्रावास परिसर में बने सेप्टिक टैंक के पाइप के सहारे नीचे उतरते देखा था। हालांकि, उसने रात में इस संबंध में किसी को सूचना नहीं दी थी। सुबह छात्रा के नहीं मिलने पर यह जानकारी सामने आई।
छात्रावास की वॉर्डन उमंग भारद्वाज ने सोहागपुर थाना में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत.के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और छात्रा की तलाश के लिए विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। छात्रावास परिसर और आसपास के क्षेत्रों की भी गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि सोहागपुर थाना क्षेत्र के छात्रावासों से छात्राओं के लापता होने की घटनाएं पहले भी सामने आ.चुकी हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने शीघ्र ही छात्रा को सकुशल बरामद करने का भरोसा दिलाया है।



0 Comments