रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनूपपुर। मानसून की दस्तक के साथ नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र में बारिश पूर्व तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी ने नगर परिषद प्रशासन से नगर के सभी 15 वार्डों में लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

पार्षद पवन चीनी ने कहा कि हर वर्ष बारिश के मौसम में नगर परिषद क्षेत्र की अनेक सड़कें बदहाल हो जाती हैं, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समय रहते मरम्मत नहीं होने के कारण सड़कों पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद की बैठकों में कई बार जर्जर सड़कों और अधूरे विकास कार्यों का मुद्दा उठाया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित गति से कार्य नहीं होने के कारण नागरिकों को आज भी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उनके अनुसार नगर के अधिकांश वार्डों में सड़कें मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही हैं और मानसून के दौरान लोगों को राहत देने के लिए इनका शीघ्र सुधार आवश्यक है।

पार्षद ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई वार्डों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। बारिश के दौरान अंधेरा, जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़कें मिलकर लोगों की परेशानी को और बढ़ा देती हैं। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि बारिश के मौसम में संभावित समस्याओं को देखते हुए सड़कों की तत्काल मरम्मत, नालियों की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा सभी वार्डों में लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

पार्षद पवन चीनी ने विश्वास जताया कि यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए तो बरसात के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है।