रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
बरगवां । बरगवां अमलाई नगर परिषद में इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक बैटरी से चलने वाली स्कूटी क्रमांक MP18ZH9806 दिखाई दे रही है, जिसकी डिग्गी में बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें भरी हुई दिखाई दे रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 1 में खुलेआम इस तरह शराब की होम डिलीवरी की जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे मोबाइल ठेका तक कहने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि स्कूटी गलियों में घूम घूमकर शराब पहुंचाने का काम करती है। लोगों का कहना है कि यह सब लंबे समय से चल रहा है और संबंधित विभागों को इसकी जानकारी भी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।मामले में मध्य प्रदेश पुलिस के चाचाई थाना और अमलाई क्षेत्र की पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि वीडियो में दिख रही गतिविधियां सही हैं, तो यह कानून व्यवस्था और आबकारी नियंत्रण दोनों पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि अब दुकान तक जाने की जरूरत नहीं, दुकान खुद दरवाजे तक पहुंच रही है।वहीं कुछ लोगों ने इसे स्टार्टअप इंडिया का नया मॉडल बताते हुए प्रशासनिक निष्क्रियता पर व्यंग्य किया है।
वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच तथा कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि हम इस वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करते जांच आवश्यक है।



0 Comments