रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के निर्देशानुसार एवं जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम गौतम के मार्गदर्शन में शहडोल युवा कांग्रेस ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में गांधी चौक, शहडोल में जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस विधानसभा जयसिंहनगर अध्यक्ष शेख सजील (सनी) ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी मांगें शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से रखने का अधिकार है, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग किया जाना लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर आघात है।

युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान हटाने तथा उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों के समर्थन में आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई कर लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है। राहुल गांधी की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष शेख सजील (सनी) एवं ब्लॉक अध्यक्ष प्रियांशु चौबे (सोनू) ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं और संविधान प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी पूरी मजबूती से उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने मांग की कि जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा छात्रों से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि छात्रों और युवाओं की आवाज को इसी प्रकार दबाने का प्रयास किया गया, तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी एवं राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं एवं छात्र-युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और छात्र हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया तथा शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: वरिष्ठ युवा नेता मुस्कान खान, ब्लॉक अध्यक्ष प्रियांशु चौबे (सोनू), सोहेल आलम, सत्यम प्रजापति, सत्यम कुशवाहा, सैयद जुहैब, फ़ैसल शेख, वेद गुप्ता, शिवेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र कुशवाहा, शाकिब खान, अभिराज यादव, शिवराज यादव, इमरान खान, विनोद बैगा, आकाश सोंधिया, नावेद खान, दानिश खान, अमान खान, भैया खान, मुन्ना, करण सोनकर, अनस, आसिफ, लवली ताम्रकार, एहन सोनकर, मुस्ताक, मुस्तकीम, बिलाल, अनुज, शिवम सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं छात्रजन उपस्थित रहे।