रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल। युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और छात्र आंदोलनों के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शनिवार को शहडोल में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), भीम आर्मी भारत एकता मिशन तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम में AIMIM के जिला प्रभारी मोहम्मद यासीन खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों ने कहा कि देश का युवा लगातार पेपर लीक, भर्ती में अनियमितताओं, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की गिरती विश्वसनीयता से परेशान है। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाने वाले छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए।
ज्ञापन में केंद्र सरकार से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही छात्र आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता, संसद में पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा, आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने तथा शिक्षा माफिया और पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
संगठनों ने छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार, पुलिस कार्रवाई में शामिल वर्दीधारी एवं सादे कपड़ों में मौजूद लोगों की पहचान सार्वजनिक करने, कथित रूप से एक्सपायर आंसू गैस के उपयोग, क्षतिग्रस्त वाहनों और अन्य घटनाओं की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई।
शिक्षा एवं भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए ज्ञापन में NEET-UG, JEE Main सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के गृह या निकटवर्ती जिले में देने, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, नॉर्मलाइजेशन प्रणाली समाप्त करने तथा प्रत्येक अभ्यर्थी का स्कोर सार्वजनिक करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
संगठनों का कहना है कि शिक्षा, रोजगार और न्याय देश के प्रत्येक युवा का संवैधानिक अधिकार है। यदि सरकार इन मांगों पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करती है तो युवाओं का लोकतांत्रिक संस्थाओं, परीक्षा प्रणाली और भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
ज्ञापन पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय रतन, मध्यप्रदेश प्रदेशाध्यक्ष सुनील बैरसिया, जिला संयोजक राजेश कुशवाहा सहित संगठन के पदाधिकारियों के नाम अंकित हैं।



0 Comments