रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ा घाट की दर्दनाक घटना पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने जताया गहरा दुःख, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ा घाट में बारिश के पानी से भरे ईंट-भट्ठे के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मृत्यु की हृदयविदारक घटना सामने आई है। इस दुखद हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों बच्चों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए इस कठिन समय में परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई।
मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने आरबीसी 6(4) के प्रावधानों के तहत दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि मंजूर की है। प्रशासन के इस निर्णय से दुःख की घड़ी में प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जलभराव वाले गड्ढों, तालाबों, नदियों एवं अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले जाने से रोकें और जलभराव वाले क्षेत्रों में उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान खुले एवं पानी से भरे गड्ढों को लेकर सतर्क रहें, क्योंकि पानी की गहराई का अनुमान लगाना कठिन हो सकता है। थोड़ी-सी सावधानी किसी अनहोनी को टाल सकती है।



0 Comments