रिपोर्ट @शम्भूनाथ सोनी
बिरसिंहपुर--- पाली नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 में स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुल रही है। यहां कुछ लोगों द्वारा अपने घरों के लैट्रिन-बाथरूम का गंदा पानी सीधे सीसी सड़क पर बहाया जा रहा है। इससे मोहल्ले में गंदगी और दुर्गंध का आलम है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में कई बार मौखिक वा लिखित रूप से संबंधित लोग और वार्ड पार्षद को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर एक जागरूक नागरिक द्वारा मध्यप्रदेश शासन की सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नगर पालिका के संबंधित अधिकारी ने मौके पर जांच करने और समस्या का निराकरण करने के बजाय, शिकायतकर्ता को ही 'आदतन शिकायतकर्ता और पत्रकार' बताकर सीएम हेल्पलाइन पर झूठा प्रतिवेदन लगाकर शिकायत को बंद करा दिया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि हेल्पलाइन पर संतुष्टि के बिना ही शिकायत को फोर्स क्लोज कर दिया गया, जबकि जमीनी हकीकत आज भी जस की तस बनी हुई है। सड़क पर लगातार गंदा पानी बहने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है।
नगर पालिका अधिनियम के तहत सीसी सड़क या सार्वजनिक स्थल पर गंदा पानी बहाना दंडनीय है, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है।
स्थानीय रहवासियों ने जिला कलेक्टर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि वार्ड 13 का स्थलीय निरीक्षण कर दोषियों पर जुर्माना लगाया जाए और सीएम हेल्पलाइन शिकायत को पुनः खोलकर न्यायोचित निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निराकरण नहीं हुआ तो वे वरिष्ठ अधिकारियों से इसकी शिकायत करेंगे।


0 Comments