रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
थाना गोहपारू पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दोहरे हत्याकांड के मामले में आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश
शहडोल, मध्य प्रदेश। जिले के थाना गोहपारू क्षेत्रांतर्गत ग्राम नवागांव में दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।
कमरे में मिले थे मां-बेटी के शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को ग्राम नवागांव स्थित एक मकान के कमरे में श्रीमती रुचि रजक (22 वर्ष) एवं उनकी मां श्रीमती सावित्री रजक (40 वर्ष) के शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना गोहपारू पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतिकाओं के परिजनों के कथन दर्ज किए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। वहीं, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अवलोकन में दोनों महिलाओं की मृत्यु सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण होना पाया गया।
साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दर्ज हुआ अपराध
मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर संदेही प्रवीण उर्फ दिनेश रजक, पिता हीरालाल रजक के विरुद्ध प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
28 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
पुलिस ने विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रवीण उर्फ दिनेश रजक (28 वर्ष), निवासी ग्राम नवाटोला, थाना गोहपारू, जिला शहडोल को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जे.पी. शर्मा के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक 154 दिनेश प्रसाद केवट, प्रधान आरक्षक 508 नरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक 364 विजय कुमार महरा, प्रधान आरक्षक 57 रुद्रप्रताप, आरक्षक 360 मोनू शर्मा एवं आरक्षक 216 राजकुमार रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments