रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
एनएच-43 पर महिंद्रा शोरूम के पास हुआ हादसा, केबिन में बुरी तरह फंसे शवों को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत, मौके पर पहुंची पुलिस
कोतमा (अनूपपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर कोतमा क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में आईसर मालवाहक वाहन के चालक और खलासी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों लोग केबिन में फंस गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच कोतमा में महिंद्रा शोरूम के समीप हुई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक कैप्सूल वाहन अथवा ट्रक खड़ा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार आईसर मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सीधे खड़े वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ओडिशा से लकड़ी से संबंधित सामग्री लेकर आ रहा था वाहन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त आईसर वाहन ओडिशा से लकड़ी से संबंधित सामग्री लोड कर अनूपपुर की ओर जा रहा था। रात के अंधेरे में हुए इस हादसे में वाहन में सवार चालक और खलासी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। भीषण भिड़ंत में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों के शव वाहन के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही कोतमा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाई तथा यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मोर्चा संभाला। इसके बाद मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
खड़े वाहनों की सुरक्षा और तेज रफ्तार पर फिर उठे सवाल
एनएच-43 पर हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार से दौड़ते मालवाहक वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अंधेरे में बिना पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा इंतजाम के सड़क किनारे खड़े वाहन भी बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों, मृतकों की पहचान तथा अन्य परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस हृदयविदारक हादसे ने दो परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया है।


0 Comments