Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में शराब दुकानों पर ओवररेटिंग का खेल! MRP के नियमों की उड़ रही धज्जियां, आखिर ठेकेदार पर कब होगी कार्रवाई?

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
मुख्य ठेकेदार लक्ष्मी जायसवाल और संबंधित फर्म पर लग रहे गंभीर आरोप, लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आबकारी विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

शहडोल। जिले में शराब दुकानों पर निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जा रही है और नियमों को ताक पर रखकर ओवररेटिंग का खेल खुलेआम संचालित हो रहा है।

हैरानी की बात यह है कि इन शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आने से आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मुख्य ठेकेदार लक्ष्मी जायसवाल और संबंधित फर्म को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। आखिर किन परिस्थितियों में दुकानों पर कथित रूप से ओवररेटिंग जारी है और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं?

शिकायतें लगातार, कार्रवाई का इंतजार

शराब दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें यदि सही पाई जाती हैं, तो यह उपभोक्ता अधिकारों और निर्धारित आबकारी नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे मामलों में विभाग की जिम्मेदारी है कि दुकानों की नियमित जांच करे, मूल्य सूची की उपलब्धता सुनिश्चित कराए और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करे।

आखिर किसके संरक्षण में चल रहा कथित ओवररेटिंग का खेल?

लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई का अभाव कई सवालों को जन्म दे रहा है। क्या आबकारी विभाग को जमीनी स्तर पर हो रही कथित अनियमितताओं की जानकारी नहीं है, या फिर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा? जिला प्रशासन की चुप्पी भी अब चर्चा का विषय बनती जा रही है।

कलेक्टर और आबकारी विभाग से जवाबदेही की मांग

अब आम उपभोक्ताओं की निगाहें जिला कलेक्टर और आबकारी विभाग पर टिकी हैं। जरूरत है कि जिले की सभी शराब दुकानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ओवररेटिंग की शिकायतों का सत्यापन हो और दोषी पाए जाने वाले ठेकेदारों एवं संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

जनता का सवाल सीधा है—जब शराब की बिक्री निर्धारित नियमों के तहत होनी चाहिए, तो फिर उपभोक्ताओं से कथित तौर पर अधिक कीमत क्यों वसूली जा रही है? आखिर शहडोल में इस व्यवस्था पर अंकुश कब लगेगा?




Post a Comment

0 Comments