Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में शराब को लेकर दोस्तों में खूनी विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
पिकनिक के दौरान शराब लाने की बात पर भिड़े दोस्त, गंभीर हालत में नदी किनारे छोड़कर भागा आरोपी • अस्पताल में उपचार के दौरान मौत, हत्या का मामला दर्ज

शहडोल। जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिछली नदी में पिकनिक मनाने के दौरान शराब लाने की बात को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही दोस्त के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि घायल युवक को नदी किनारे तड़पता छोड़कर आरोपी अपने साथियों के साथ घर लौट गया। बाद में ग्रामीण की मदद से घायल युवक को घर पहुंचाया गया, जहां से परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद, मारपीट में बदला

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रटगा निवासी मुकेश पाव अपने साथी भोलू उर्फ उदयलाल पाव और अन्य लोगों के साथ गांव के समीप स्थित बिछली नदी में पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान शराब लाने की बात को लेकर मुकेश और भोलू के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मुकेश के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से जमकर मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि आरोपी मारपीट करने से नहीं रुका।

नदी किनारे घायल को छोड़कर लौटे साथी

मारपीट में मुकेश गंभीर रूप से घायल होकर अचेत अवस्था में नदी किनारे गिर पड़ा। आरोप है कि उसकी गंभीर हालत के बावजूद भोलू उर्फ उदयलाल अपने अन्य साथियों के साथ उसे वहीं तड़पता छोड़कर घर लौट गया। कुछ समय बाद नदी की ओर पहुंचे एक ग्रामीण की नजर घायल युवक पर पड़ी। ग्रामीण उसे अपने साथ घर लेकर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जयसिंहनगर अस्पताल में भर्ती कराया।

उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम

अस्पताल में उपचार के दौरान मुकेश की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीधी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मारपीट के कारण युवक की मौत हुई है। मामले में आरोपी भोलू उर्फ उदयलाल पाव के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


Post a Comment

0 Comments