रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
निर्माण कार्य में लापरवाही की शिकायत, तराई में भी बरती जा रही अनदेखी; ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठाई मांग
केशवाही। ग्राम पंचायत केशवाही में कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किए जाने और निर्धारित मानकों की अनदेखी करने के आरोप ग्रामीणों ने लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण में निम्न गुणवत्ता की रेत सहित अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा निर्माण के बाद पर्याप्त मात्रा में पानी से तराई नहीं किए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित लापरवाही का सीधा असर नाली की मजबूती और उसकी उम्र पर पड़ सकता है। यदि निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया तो सरकारी धन से तैयार होने वाला यह निर्माण कुछ ही समय में खराब हो सकता है। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।
किसकी निगरानी में हो रहा निर्माण कार्य?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि ग्राम पंचायत में चल रहे इस निर्माण कार्य की तकनीकी निगरानी कौन कर रहा है? क्या संबंधित इंजीनियर और पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्माण प्रक्रिया का निरीक्षण कर रहे हैं? यदि नियमित निगरानी की जा रही है, तो फिर ग्रामीणों को इस तरह की शिकायतें करने की नौबत क्यों आ रही है?
निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए। निर्माण में उपयोग की जा रही रेत, सीमेंट और अन्य सामग्री के गुणवत्ता मानकों की जांच के साथ निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमानुसार पानी से तराई कराने और निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर खर्च होने वाली सरकारी राशि का सदुपयोग होना चाहिए, न कि लापरवाही के चलते जनता की सुविधा के लिए बनाए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता से समझौता किया जाए।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग के अधिकारी ग्रामीणों की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।




0 Comments