Ticker

6/recent/ticker-posts

अमृत 2.0 जलप्रदाय परियोजना में लापरवाही पर नगर पालिका का कड़ा रुख, ठेकेदार को अंतिम नोटिस; उपयंत्री से भी मांगा जवाब

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
18 माह की समय-सीमा समाप्त, फिर भी महज 27 प्रतिशत काम पूरा; गुणवत्ता और तकनीकी खामियों पर सीएमओ आशा जितेंद्र भंडारी सख्त, ठेकेदार को 7 और उपयंत्री को 3 दिन की मोहलत

शहडोल। नगरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अमृत 2.0 जलप्रदाय परियोजना की धीमी रफ्तार और निर्माण कार्यों में सामने आई गंभीर तकनीकी एवं गुणवत्ता संबंधी खामियों पर नगर पालिका परिषद शहडोल ने कड़ा रुख अपनाया है। परियोजना की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद महज 27 प्रतिशत भौतिक प्रगति होने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने संबंधित निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार तकनीकी अधिकारी की जवाबदेही तय करने की पहल की है। इस क्रम में ठेकेदार मेसर्स गणपति कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, पटना (बिहार) को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि तकनीकी पर्यवेक्षण में लापरवाही के आरोपों पर उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस में जवाब मांगा गया है।

18 माह में केवल 27 प्रतिशत काम, निर्माण की रफ्तार पर उठे सवाल

ठेकेदार को जारी अंतिम नोटिस में उल्लेख किया गया है कि परियोजना की निर्धारित 18 माह की कार्यावधि समाप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति मात्र 27 प्रतिशत है, जो अत्यंत असंतोषजनक है। तकनीकी निरीक्षण और अभिलेखों की समीक्षा में PLC एवं SCADA प्रणाली, ओवरहेड टैंक (OHT) तथा पंपों से संबंधित आवश्यक ड्राइंग, डिजाइन एवं तकनीकी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, विभिन्न ओवरहेड टैंक स्थलों पर पिछले लगभग तीन माह से निर्माण कार्य बाधित अथवा बेहद धीमी गति से संचालित पाया गया है।

निर्माण सामग्री से पाइपलाइन तक गुणवत्ता पर सवाल

निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री एवं कंक्रीट की गुणवत्ता तथा PE पाइपलाइन बिछाने के कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों और स्वीकृत प्रावधानों का समुचित पालन नहीं किए जाने संबंधी कमियां भी सामने आई हैं। परियोजना जैसे महत्वपूर्ण जनोपयोगी कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी और निर्माण की धीमी गति को नगर पालिका ने गंभीरता से लिया है।

तकनीकी निगरानी में लापरवाही पर उपयंत्री को नोटिस

परियोजना के निर्माण कार्यों की निगरानी एवं तकनीकी पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी निभा रहे उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी को जारी कारण बताओ सूचना पत्र में भी 27 प्रतिशत भौतिक प्रगति पर जवाब मांगा गया है। निरीक्षण एवं तकनीकी अभिलेखों के परीक्षण में निर्माण कार्यों में विलंब, गुणवत्ता संबंधी कमियां, निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन में लापरवाही तथा स्वीकृत ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुरूप कार्य नहीं कराए जाने जैसी स्थितियां सामने आने का उल्लेख किया गया है।

उपयंत्री को तीन दिवस के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के साथ निर्माण स्थलों के निरीक्षण प्रतिवेदन, ठेकेदार को जारी निर्देश एवं चेतावनी, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट, माप पुस्तिका की प्रविष्टियां और परियोजना की वर्तमान प्रगति से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

ठेकेदार को सात दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई की चेतावनी

नगर पालिका द्वारा जारी अंतिम नोटिस में ठेकेदार को सात दिवस के भीतर विलंब एवं तकनीकी कमियों पर तथ्यात्मक और अभिलेखीय साक्ष्यों सहित लिखित जवाब देने तथा व्यक्तिगत सुनवाई में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मानकविरुद्ध कार्य तत्काल रोकने, स्वीकृत तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने और शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए विस्तृत एवं समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया है।

नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर ठेकेदार के विरुद्ध संविदा की शर्तों एवं प्रचलित नियमों के तहत विलंब क्षतिपूर्ति अधिरोपित करने, बैंक गारंटी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने, संविदा निरस्त करने और फर्म को ब्लैकलिस्ट करने जैसी कठोर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। वहीं, उपयंत्री के विरुद्ध भी उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ का स्पष्ट संदेश—गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करना निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण, गुणवत्ता परीक्षण, ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश देना और कार्यों की निरंतर निगरानी करना अनिवार्य है। इसके बावजूद परियोजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होना और कमियों का समय पर निराकरण नहीं किया जाना गंभीर विषय है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अमृत 2.0 जलप्रदाय परियोजना नगर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण जनोपयोगी योजना है। इसका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर पालिका परिषद द्वारा परियोजना के प्रत्येक निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कर ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि परियोजना में तेजी आने के साथ ही शहडोल के नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ और सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।


Post a Comment

0 Comments