रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल नगर पालिका परिषद शहडोल की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा मंगलवार प्रातः गांधी चौक से न्यू बस स्टैंड होते हुए इंदिरा चौक मार्ग का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद कई स्थानों पर सड़कों पर कचरे के ढेर पड़े हुए थे तथा निर्धारित समय पर सफाई कार्य नहीं किया गया था। सुबह लगभग 10:00 बजे तक भी मार्गों पर कचरा दिखाई देने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जोन प्रभारी आनंद यादव एवं प्रीतम के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल को दिए गए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देशानुसार तत्काल सफाई कराते हुए कचरे को हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में इस प्रकार की स्थिति पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।





0 Comments