रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल,। साइबर ठगी के लिए फर्जी बैंक खाते खोलकर ऑनलाइन ठगों को उपलब्ध कराने वाले संगठित गिरोह के एक फरार आरोपी को शहडोल पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंश सिंह बघेल पिता विनोद सिंह बघेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पकरिया, थाना बुढार, जिला शहडोल के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बुढार में अपराध क्रमांक 265/2025 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही थी। दिनांक 16 अप्रैल 2025 को प्राप्त शिकायत में बताया गया था कि कुछ व्यक्ति स्वयं को गूगल पे एजेंट बताकर भोले-भाले व्यापारियों एवं ग्रामीणों से आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज प्राप्त कर उनके नाम से विभिन्न बैंकों और ऑनलाइन पेमेंट बैंकों में खाते खोल रहे थे। बाद में इन खातों का उपयोग साइबर ठगी के लिए किया जाता था।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन ठगों के संपर्क में रहते थे तथा ग्रामीणों और व्यापारियों को विभिन्न प्रलोभन देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खातों से संबंधित एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल नंबर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए जाते थे।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में इस मामले के कई आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश लगातार जारी है।

इसी क्रम में फरार आरोपी वंश सिंह बघेल की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर बुढार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।