रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अंबेडकर चौक से न्यू गांधी चौक तक निकाला विरोध मार्च, सामाजिक समानता और संविधान की गरिमा के समर्थन में उठी आवाज
शहडोल। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद मंच के कथित “शुद्धिकरण” को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में विरोध मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से न्यू गांधी चौक तक मार्च निकालकर सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और संविधान की गरिमा के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित भेदभावपूर्ण कृत्य पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक और संवैधानिक राष्ट्र में जाति अथवा सामाजिक पहचान के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं है।
“यह केवल व्यक्ति का नहीं, संवैधानिक मूल्यों का अपमान”—अजय अवस्थी
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच का कथित “शुद्धिकरण” किया जाना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल किसी व्यक्ति के सम्मान से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।
उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का लंबा सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और संविधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे वरिष्ठ जननेता के भाषण के बाद कथित रूप से मंच का “शुद्धिकरण” किया जाना समाज में मौजूद जातिगत भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अवस्थी ने कहा कि सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष केवल किसी एक राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने मांग की कि मंच के कथित “शुद्धिकरण” की घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार का अपराध प्रमाणित होता है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही, मामले में SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त समानता और सम्मान के अधिकारों की रक्षा के लिए समाज में भेदभाव और छुआछूत के विरुद्ध प्रभावी संदेश जाना आवश्यक है।
बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता
विरोध मार्च एवं सत्याग्रह में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की गरिमा की रक्षा का संकल्प लेते हुए कथित भेदभावपूर्ण कृत्य के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।


0 Comments