Ticker

6/recent/ticker-posts

ग्राम गिंजरी में हैंडपंप खराब, बैगा परिवार पानी को तरसे

 


रिपोर्ट @शम्भूनाथ सोनी
बिरसिंहपुर ---पाली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गिंजरी के वार्ड नं 7 में पिछले कई दिनों से एक मात्र हैंडपंम्प खराब पड़ा है। जिसके कारण यहां निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवार के करीब 25-30 परिवारों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार वार्ड नंबर 7 में लगे हैंडपंम्प का वॉशर और पाइप खराब हो जाने से पानी आना बंद हो गया है। गर्मी और अब बरसात के मौसम में भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। मजबूरी में बैगा समुदाय की महिलाएं और बच्चे एक किलोमीटर दूर दूसरे मोहल्ले और नाले से पानी लाने को मजबूर हैं। नाले का गंदा पानी पीने से बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

स्थानीय निवासी अर्जुन बैगा, मनीराम बैगा और दादू लाल बैगा ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार सरपंच, सचिव और जनपद पंचायत में लिखित शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पंचायत द्वारा मैकेनिक को भेजने का आश्वासन दिया जाता है, पर मरम्मत नहीं हो पाती।

ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवारों के लिए पेयजल सहित कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। वार्ड में दूसरा कोई जल स्रोत नहीं होने से रोजमर्रा के कामकाज, खाना बनाने और मवेशियों के लिए भी पानी की किल्लत हो रही है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है क्योंकि उनका समय पानी लाने में बीत रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत बिरसिंहपुर पाली से मांग की है कि वार्ड नंबर 7 के खराब हैंडपंम्प को तत्काल सुधारा जाए और भविष्य के लिए एक अतिरिक्त हैंडपंप या नल-जल योजना से जोड़ा जाए, ताकि बैगा परिवारों को स्थायी रूप से पीने का साफ पानी मिल सके।


Post a Comment

0 Comments