रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.40 लाख रुपये का मशरूका जब्त; दो आरोपी फरार
शहडोल/सीधी। जिले में लगातार सामने आ रही मवेशी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सीधी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मवेशी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से तीन जीवित पड़ा, मवेशियों की बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित कुल 8 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल के सख्त निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं मवेशी चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सीधी थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार मिल रही मवेशी चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही छोटू उर्फ छोटे खान, निवासी मैहर, हाल मुकाम सीधी तथा संजय कुमार गुप्ता उर्फ चिंटू, निवासी सीधी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ग्राम पोड़ी, शारदपुर और डोम्हार क्षेत्र से पड़ा एवं भैंस सहित मवेशियों की चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी किए गए मवेशियों को पिकअप वाहन क्रमांक MP53ZF3190 के माध्यम से उत्तर प्रदेश ले जाकर बेच दिया जाता था।
जंगल में छिपाकर रखे थे चोरी के मवेशी
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए तीन जीवित पड़ा बरामद किए। इसके अलावा पूर्व में चोरी किए गए मवेशियों की बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत 8 लाख 40 हजार रुपये बताई है।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय जयसिंहनगर के समक्ष पेश किया है। वहीं, इस वारदात में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपी मोनू खान और विक्रम खान अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सीधी निरीक्षक सेवान्दर राम भगत, सउनि. गुलाब सिंह, सउनि. दयाराम दुबे, सउनि. अमेरिका दास, सउनि. सुरेन्द्र कुशवाहा, प्रआर. अनिराल सिंह, आर. सतीश सिंह, आर. उदयभान सिंह, आर. शुभम अखण्डे एवं आर. रमेश वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।


0 Comments