रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
खामडांड़ स्थित समर्पित नदी से अवैध रूप से रेत परिवहन का मामला, करीब 7.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
ब्यौहारी। अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्यौहारी थाना पुलिस ने ग्राम खामडांड़ स्थित समर्पित नदी से अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रही एक बिना नंबर की सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस ने मामले में चालक और वाहन स्वामी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खामडांड़ स्थित समर्पित नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए ब्यौहारी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना नंबर की सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा।
मौके पर वाहन चालक लल्ला खैरवार, निवासी ग्राम खामडांड़, थाना ब्यौहारी से रेत परिवहन संबंधी वैध रॉयल्टी (टीपी), वाहन के दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि, चालक इन दस्तावेजों को प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने ट्रैक्टर का मालिक मुन्ना खान को बताया।
7.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित उसमें लदी लगभग तीन घनमीटर रेत जब्त की। जब्त रेत की अनुमानित कीमत 2,000 रुपये तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 7 लाख 2 हजार रुपये बताया गया है।
दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज
इस मामले में चालक लल्ला खैरवार और वाहन स्वामी मुन्ना खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(5), खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 130/177(3) एवं 3/181 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना प्रभारी ब्यौहारी के नेतृत्व में थाना ब्यौहारी पुलिस स्टाफ द्वारा की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कितना प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो पाता है।


0 Comments