रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
सीसीटीवी में कैद हुई छात्र के बाहर निकलने की तस्वीर, प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल; पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, विशेष टीम गठित
ब्यौहारी। ब्यौहारी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मऊ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रावास में रहकर कक्षा 11वीं में अध्ययनरत एक छात्र रात के अंधेरे में विद्यालय की बाउंड्री फांदकर परिसर से बाहर निकल गया। सुबह विद्यार्थियों की गिनती के दौरान उसके लापता होने की जानकारी सामने आई तो विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लापता छात्र जयसिंहनगर थाना क्षेत्र का निवासी है। बताया गया है कि रात में छात्रावास में विद्यार्थियों की गणना के दौरान वह मौजूद था। इसके बाद देर रात वह कब और किन परिस्थितियों में विद्यालय परिसर से बाहर निकला, इसकी भनक हॉस्टल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों को नहीं लगी। सुबह नियमित गणना के दौरान छात्र के गायब मिलने पर पहले छात्रावास और फिर पूरे विद्यालय परिसर में उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देते हुए पुलिस को मामले से अवगत कराया।
सीसीटीवी फुटेज में बाउंड्री फांदकर जाते दिखा छात्र
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा पुलिस टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच के दौरान छात्र रात में बाउंड्री पर चढ़कर दूसरी ओर छलांग लगाते हुए बाहर जाता दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है, जो अलग-अलग स्तर पर छात्र की पतासाजी कर रही है।
कैमरे और सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कैसे हुई चूक?
नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम होने का दावा किया जाता है। परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद एक छात्र का रात के समय बाउंड्री फांदकर बाहर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रात में छात्र की मौजूदगी दर्ज होने के बाद सुबह तक उसके परिसर से बाहर जाने की जानकारी किसी को क्यों नहीं हुई? क्या रात्रिकालीन निगरानी में लापरवाही हुई या सुरक्षा व्यवस्था में कोई अन्य खामी थी? इन पहलुओं की जांच जरूरी है।
फिलहाल छात्र के विद्यालय छोड़कर जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वह किन परिस्थितियों में बाहर निकला और कहां गया, यह उसके मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर लापता छात्र की तलाश की जा रही है। पुलिस विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटा रही है और छात्र का जल्द पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल सबसे अहम प्राथमिकता छात्र को सुरक्षित तलाशना है। वहीं, इस घटना ने आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, रात्रिकालीन निगरानी और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ दी है।


0 Comments