रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
युवाओ को दिलाए जाए प्रशिक्षण, जोड़े रोजगार एवं स्वरोजगार से - कलेक्टर
आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक में प्रारंभ किए जाएं रोजगारपरक पाठ्यक्रम– कलेक्टर
जिला कौशल विकास समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
शहडोल :- कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल की उपस्थिति में जिले के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं रुचि के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा उन्हें स्थानीय उद्योगों में रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला कौशल विकास समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिले में संचालित शासकीय एवं अशासकीय आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री जायसवाल ने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना होना चाहिए। इसके लिए जिले में संचालित आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज में ऐसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएं, जिनकी स्थानीय उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों में मांग है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकता को समझते हुए प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार की जाए जिससे जिले में ही रोजगार के अवसर मिल सकें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में भविष्य में स्थापित होने वाले उद्योगों एवं औद्योगिक गतिविधियों की संभावनाओं का आकलन करते हुए कौशल प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके लिए उद्योग विभाग एवं प्रशिक्षण संस्थान आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने रिलायंस एवं मोजर बेयर जैसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों की आवश्यकता एवं मांग के अनुरूप युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया, ताकि स्थानीय उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके और जिले के युवाओं को रोजगार मिल सके।
कलेक्टर ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं का व्यवस्थित डाटा संधारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कितने युवाओं ने किस ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा उनमें से कितने युवा रोजगार से जुड़े हैं, इसकी जानकारी नियमित रूप से रखी जाए।
प्रशिक्षण के बाद युवाओं की प्लेसमेंट की स्थिति का भी रिकॉर्ड तैयार किया जाए, जिससे कौशल विकास कार्यक्रमों के वास्तविक परिणामों का आकलन किया जा सके। उन्होंने जिले के शासकीय एवं अशासकीय आईटीआई में उपलब्ध सीटों को रिक्त नहीं रहने देने के निर्देश दिए। इसके लिए युवाओं को प्रशिक्षण के महत्व, रोजगार की संभावनाओं तथा विभिन्न ट्रेडों की उपयोगिता के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में संभागीय आईटीआई शहडोल में उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप इलेक्ट्रिकल्स एवं वाहन मैकेनिक सहित अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आईटीआई में आवश्यकतानुसार नए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए सीएसआर मद से प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यकताओं का आकलन कर ऐसे पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने में मदद मिल सके।
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक हितग्राहियों से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों तथा उन्हें प्रदान की गई स्वीकृति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की गतिविधियों से जोड़ने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के विषय पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, महाप्रबंधक उद्योग श्री मनीष अलावा, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री अमित चौरसिया, प्राचार्य संभागीय आईटीआई, प्लेसमेंट अधिकारी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रतिनिधि सहित जिला कौशल विकास समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


0 Comments