शहडोल - जिले के जनपद पंचायत जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी के भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मेहताब सिंह गुर्जर ने ग्राम समान, करकी, पपरेड़ी सहित अन्य ग्रामों के वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया तथा वहां के ग्राम वासियों से वैक्सीनेशन लगवाने की अपील की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सिंह ने कहा कि वैक्सीन सुरक्षा कवच है एवं वैक्सीनेशन कोरोना से लड़ाई जीतने का सबसे मजबूत हथियार है। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित नागरिकों से अपील की कि अपने आसपास के लोगों को भी वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से जिलेवासियों को बचाने के लिये टीकाकरण महाअभियान चलाया गया है। इससे न केवल गांव बल्कि पूरा जिला कोरोना संक्रमण से बच सकेगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि ज़िले में कोरोना टीकाकरण के लिये जो जन-भागीदारी दिख रही है, उसके सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
उन्होंने दिव्यांग जनों और उनके परिजनों से आव्हान करते हुए कहा कि इस अवसर का लाभ उठाते हुए सभी दिव्यांग जन टीकाकरण करवाकर सुरक्षित हो। वैक्सीनेशन के बाद भी कोरोना अनुकूल व्यवहार को अपनाए। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार मास्क लगाएँ, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, बार-बार साबुन से हाथ धोए, सेनेटाइजर का उपयोग करें, व्यायाम को अपने दिनचर्या में शामिल करें, पोष्टिक आहार लेने की समझाइश दी।


0 Comments