Ticker

6/recent/ticker-posts

जिले भर में बम फोड़ू बाइकर्स के खिलाफ चलेगा सख्त अभियान, एसपी मोती उर रहमान के निर्देश

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

अनूपपुर,/ जिले में तेज आवाज और आतंक का कारण बन चुके बम फोड़ू बाइकर्स के खिलाफ अब पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देश पर पूरे जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे सड़कों पर अनुशासन और शांति बहाल की जा सके।

जानकारी के अनुसार, बीते कुछ समय से शहर के बाजारों, मुख्य चौराहों और रिहायशी इलाकों में कुछ युवक अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाके जैसी आवाज निकालते हुए लोगों को परेशान कर रहे थे। इस तरह की हरकतों से खासकर महिलाओं, बच्चियों और बुजुर्गों के बीच डर और असहजता का माहौल बन रहा था। इस संबंध में समाजसेवियों द्वारा पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी, जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निर्देश के बाद यातायात पुलिस ने अनूपपुर नगर में अभियान की शुरुआत करते हुए सड़कों पर उतरकर ऐसे बाइकर्स को चिन्हित किया और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों को रोका गया, मौके पर ही साइलेंसर जब्त किए गए और वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के पहले ही दिन 3 बुलेट वाहनों पर कार्रवाई कर साइलेंसर जब्त किए गए, जिससे स्पष्ट हो गया कि पुलिस अब इस मुद्दे पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को लगातार जारी रखें और मॉडिफाइड साइलेंसर तथा तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखें। यह अभियान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

अनूपपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में केवल मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें और नियमों का पालन करें, ताकि जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बना रहे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Post a Comment

0 Comments