रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
बुढ़ार (शहडोल)। आदर्श कॉलोनी बुढ़ार की होनहार बिटिया डॉ. शिवानी सिंह ने चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बुढ़ार बल्कि पूरे शहडोल जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
डॉ. शिवानी सिंह, जो कि बुढ़ार निवासी श्री केदार सिंह की सुपुत्री हैं, ने रीवा स्थित श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए यह सम्मान हासिल किया। उन्हें डॉक्टरेट की उपाधि के साथ-साथ उच्च रैंकिंग के आधार पर स्वर्ण पदक से नवाजा गया। यह सम्मान उनकी वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
परिवार में भी इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। डॉ. शिवानी के बड़े पापा श्री हनुमान सिंह और प्रतिष्ठित पर्यावरण सलाहकार श्री यशवंत सिंह की भतीजी होने के नाते उनकी इस सफलता ने पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है। परिवारजनों का कहना है कि शिवानी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण रखा।
डॉ. शिवानी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई है कि वे आगे भी चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज की सेवा करेंगी।
यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे बुढ़ार क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।


0 Comments