Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्य मार्ग पर स्थित इन्टक कार्यालय से फिर चोरी, दरवाजा उखाड़ ले गए चोर

 




रिपोर्ट @अमजद बाबा खान  

अमलाई में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल




शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब चोरों ने आम घरों के साथ-साथ सार्वजनिक कार्यालयों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इन्टक) के मुख्य कार्यालय का है, जहां अज्ञात चोरों ने कार्यालय का मुख्य दरवाजा ही उखाड़कर चोरी कर लिया।




जानकारी के अनुसार, स्टाफ क्लब सोहागपुर क्षेत्र के सामने मुख्य मार्ग पर स्थित इन्टक कार्यालय में 5 मार्च 2026 की रात चोरी की वारदात हुई। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश शर्मा ने बताया कि चोर रात के अंधेरे में कार्यालय पहुंचे और मुख्य दरवाजा उखाड़कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इसी कार्यालय में पहले भी चोरी हो चुकी है, जिसमें लगभग 12 हजार रुपये कीमत का एक अन्य दरवाजा चोरी कर लिया गया था।

कमलेश शर्मा जी

लगातार दूसरी बार हुई चोरी ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। मुख्य सड़क पर स्थित कार्यालय भी सुरक्षित नहीं रह गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।

घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कमलेश शर्मा ने कहा कि यदि मजदूरों और आम जनता की मदद के लिए चौबीसों घंटे खुले रहने वाले कार्यालय सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

मामले की लिखित शिकायत अमलाई थाना में दर्ज कराई गई है। शिकायत की प्रतिलिपि सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक, पुलिस अधीक्षक शहडोल तथा एसडीओपी धनपुरी को भी भेजी गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई।

शहडोल पुलिस के अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments