रिपोर्ट @संतोष कुमार मिश्रा
एसडीएम को सौंपा पत्र, कलेक्टर और कमिश्नर को भी भेजी प्रति
बिरसिंहपुर पाली। पाली नगर के मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण तिवारी ने जनहित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) पाली को विधिवत पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
श्री तिवारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पाली-शहडोल मुख्य मार्ग के शहरी क्षेत्र में पूर्व में स्पीड ब्रेकर बनाए गए थे, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित रहती थी और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलती थी। हालांकि, सड़क के नव निर्माण के बाद पूर्व में बने स्पीड ब्रेकर समाप्त हो गए और अब तक उनका पुनर्निर्माण नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि पाली नगर के जिन स्थानों पर वाहनों की तेज रफ्तार और आवागमन के कारण दुर्घटनाओं की अधिक संभावना रहती है, उन संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाने चाहिए। इससे वाहन चालकों की गति नियंत्रित होगी और असमय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकेगा।
कलेक्टर और कमिश्नर को भी भेजी पत्र की प्रति
मामले को व्यापक जनहित से जुड़ा बताते हुए श्री तिवारी ने अपने मांग-पत्र की प्रतिलिपि उमरिया कलेक्टर एवं शहडोल संभाग के कमिश्नर को भी प्रेषित की है। उन्होंने अधिकारियों से पाली नगर के संवेदनशील मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक स्थानों पर शीघ्र स्पीड ब्रेकर निर्माण की कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
कलेक्टर ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
पत्र पर संज्ञान लेते हुए जिले की कलेक्टर ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सड़क सुरक्षा को लेकर उठाई गई इस पहल से स्थानीय नागरिकों में भी उम्मीद जगी है कि नगर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।
जनहित में उठाई गई इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और राहगीरों सहित वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।



0 Comments