Ticker

6/recent/ticker-posts

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर बिरला प्राइवेट TMC लिमिटेड के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
सरईकापा, करकटी और गोपालपुर के सैकड़ों ग्रामीणों ने किया शांतिपूर्ण आंदोलन, कंपनी प्रबंधन को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी


शहडोल गोपालपुर, 30 अक्टूबर 2026। क्षेत्र के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को बिरला प्राइवेट TMC लिमिटेड, गोपालपुर के मुख्य द्वार पर सैकड़ों ग्रामीणों एवं युवाओं ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवा साथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए स्थानीय युवाओं के रोजगार के अधिकार की आवाज बुलंद की।


आंदोलन में शामिल ग्रामीणों का कहना था कि बिरला प्राइवेट TMC लिमिटेड वर्षों से क्षेत्र में संचालित है, लेकिन इसके बावजूद सरईकापा, करकटी एवं गोपालपुर सहित आसपास के स्थानीय गांवों के बेरोजगार युवाओं को अपेक्षित रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे क्षेत्र के युवाओं में नाराजगी और असंतोष व्याप्त है।


ग्रामीणों ने कहा कि जब कंपनी हमारे क्षेत्र में संचालित हो रही है और यहां के संसाधनों एवं स्थानीय परिवेश से लाभान्वित हो रही है, तो सबसे पहले क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। स्थानीय युवाओं को रोजगार देना कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी भी है।


इस आंदोलन में प्रमुख रूप से श्री जगन्नाथ शर्मा जी (जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति) उपस्थित रहे। इनके साथ श्री रामनिवास कुशवाहा, श्री रमाशंकर कुशवाहा, श्री सचिन मिश्रा, श्री कमल कल्ला जैन, श्री देवेंद्र मिश्रा, श्री रोशन मिश्रा, श्री नीरज शुक्ला, श्री रॉबिन मिश्रा, श्री शिवम मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं युवा साथी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन से मांग की कि स्थानीय बेरोजगार युवाओं की तैयार रोजगार सूची के अनुसार उन्हें शीघ्र रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा भर्ती प्रक्रिया में सरईकापा, करकटी एवं गोपालपुर के युवाओं को प्राथमिकता दी जाए।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह लड़ाई किसी के विरोध में नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के भविष्य और उनके रोजगार के अधिकार के लिए है। यदि कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासन द्वारा उनकी जायज मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उनका अधिकार है और इस मांग को लेकर संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक स्थानीय बेरोजगार युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता।


Post a Comment

0 Comments