रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
फॉरेस्ट गोदाम के पीछे, पाठबाबू और डोंगरी में रातभर सजती है जुए की महफिल; तिग्गा और लल्ला की कथित भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल, रोजाना लाखों के दांव और नाल वसूली की चर्चा; शिकायतों के बावजूद कार्रवाई का इंतजार
केशवाही। केशवाही चौकी क्षेत्र में कथित रूप से संचालित हो रहे जुए के फड़ों को लेकर इन दिनों क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के अनुसार, फॉरेस्ट गोदाम के पीछे, पाठबाबू और डोंगरी क्षेत्र में लंबे समय से जुए का अवैध कारोबार संचालित होने की बात कही जा रही है। आरोप है कि यहां शाम करीब 6 बजे से जुए की महफिल सजनी शुरू होती है, जो देर रात तक जारी रहती है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी खिलाड़ियों के पहुंचने और प्रतिदिन लाखों रुपये के दांव लगाए जाने की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
तिग्गा और लल्ला की जोड़ी को लेकर चर्चाएं
इस कथित जुआ कारोबार को लेकर क्षेत्र में तिग्गा और लल्ला नामक व्यक्तियों की भूमिका की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। स्थानीय सूत्रों के दावों के मुताबिक, जुए के फड़ों पर बड़ी रकम का लेन-देन होता है और लाखों रुपये की नाल वसूली किए जाने की बात कही जा रही है। कुछ लोगों द्वारा पुलिस तक कथित रूप से रकम पहुंचाए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित व्यक्तियों का पक्ष सामने आया है।
पुलिस की जानकारी में नहीं या कार्रवाई से परहेज?
सबसे गंभीर सवाल केशवाही चौकी पुलिस की भूमिका को लेकर उठ रहे हैं। यदि क्षेत्र में खुले तौर पर जुए के फड़ संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं, तो अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या पुलिस को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है, या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही? इन सवालों का जवाब संबंधित पुलिस अधिकारियों को देना चाहिए।
आखिर कौन है कथित कारोबार का मास्टरमाइंड?
क्षेत्रवासियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस कथित अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग हैं? क्या इसके संचालन में कोई प्रभावशाली व्यक्ति शामिल है? क्या किसी तरह का संरक्षण प्राप्त है? इन तमाम बिंदुओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि फॉरेस्ट गोदाम के पीछे, पाठबाबू और डोंगरी में कथित रूप से संचालित जुआ फड़ों की गोपनीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो जुआ संचालन में शामिल लोगों के साथ-साथ किसी भी प्रकार का संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच हो तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और केशवाही क्षेत्र में कथित जुआ कारोबार पर कब तक प्रभावी कार्रवाई होती है।


0 Comments