रिपोर्ट @संतोष कुमार मिश्रा
_वनरक्षक की वर्दी फाड़ी, कुल्हाड़ी से हमले का आरोप
*बिरसिंहपुर पाली ---* उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र के कांचोदर बीट कक्ष क्रमांक आरएफ 300 में अतिक्रमण हटाने गए वन अमले पर हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद वन अमला थाना पाली पहुंचा, जहां वनरक्षक ओमप्रकाश निगम ने लिखित शिकायत सौंपी।
शिकायत के अनुसार, वनरक्षक ओमप्रकाश निगम, बीटगार्ड कांचोदर, रेंज घुनघुटी में पदस्थ हैं। रेंजर हरीश तिवारी के मौखिक निर्देश पर वे सुरक्षा श्रमिक बाबू सिंह, केशव, सुरक्षा श्रमिक औदेरा निवासी, परिक्षेत्र सहायक मालाचुआ धनेंद्र सराफ, रावेन्द्र सिंह बीटगार्ड मालाचुआ और प्रभाकर सिंह बीटगार्ड रैगड़ के साथ 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 01:00 बजे कक्ष क्रमांक आरएफ 300, रेलवे ट्रैक लाइन के पास, बाघनचारा-चांदपुर पहुंचे थे। घटना दोपहर 01:00 से 02:00 बजे के बीच की बताई गई है।
शिकायत में बताया गया है कि मौके पर चांदपुर निवासी राजेन्द्र यादव एवं सोनू यादव मिले, जिन्होंने मौके पर झोपड़ी बनाकर जंगल की लकड़ी काटकर रखी थी। साथ ही मवेशी गाय-भैंस आदि को बांधने के लिए जंगल में खूंटा भी गाड़ कर रखे हुए थे। वन अमले द्वारा खूंटा उखाड़ने के लिए कहने पर वे नहीं माने।
आरोप है कि जब सुरक्षा श्रमिक खूंटा उखाड़ने लगे, तो सुरक्षा श्रमिक की कुल्हाड़ी झपट कर राजेन्द्र यादव द्वारा फेंक दिया गया। वनरक्षक ओमप्रकाश निगम जब उस कुल्हाड़ी को उठाकर सुरक्षा श्रमिक को दे रहे थे, इसी बीच राजेन्द्र यादव ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनकी वर्दी फाड़ दी तथा लपटकर जमीन में गिरा दिया।
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान उसका भाई सोनू यादव ने अचानक उन पर वार किया, किंतु सुरक्षा श्रमिक केशव रैदास द्वारा कुल्हाड़ी पकड़ ली गई, अन्यथा सिर पर वार हो जाता। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज भी की गई और दोबारा अतिक्रमण हटाने को कहने पर जान से खत्म करने की धमकी दी गई। सभी स्टाफ ने घटना देखी।
*दो दिन पुरानी रंजिश का आरोप*
शिकायतकर्ता ने बताया है कि वे उक्त बीट के बीटगार्ड / प्रभारी हैं और दो दिन पहले दिनांक 16.10.2026 को उनके द्वारा परिक्षेत्र सहायक मालाचुआ के माध्यम से उन्हें मौके पर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था। जिससे वे व्यक्तिगत रूप से उनसे विशेष रंजिश रखते हैं। शिकायत में कहा गया है कि उनका कर्तव्य व कार्य जंगल में है, यदि आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही नहीं की गई तो भविष्य में उनके साथ और भी किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
शिकायत के अनुसार, घटना की सूचना मोबाइल से रेंजर साहब को और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी को दी गई। उनके निर्देश प्राप्त होने पर यह लिखित सूचना थाना पाली में दी गई है। शिकायत में राजेन्द्र व सोनू यादव पर उचित दण्डात्मक कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है। यह भी कहा गया है कि आरोपियों द्वारा शासकीय कार्य को किए जाने से रोका गया है और ड्यूटी पीरियड के दौरान उक्त घटना को अंजाम दिया गया है।
इसी लड़ाई-झगड़े में वनरक्षक के दाहिने सीने, बांये कमर पर चोट का निशान है, जिसका मेडिकल भी कराये जाने की प्रार्थना की गई है। थाना पाली में शिकायत के आधार पर मामले में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और मौके की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



0 Comments