रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनूपपुर । थाना बिजुरी पुलिस ने भाटाडांड के जंगल में संचालित जुए के फड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 12 हजार रुपये नगद, सात मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन सहित कुल 4 लाख 32 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 नवंबर 2026 को थाना बिजुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भाटाडांड क्षेत्र के जंगल में एक पेड़ के नीचे जुए का फड़ संचालित हो रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी।
चार आरोपी मौके से गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रामबालक साहू (52), भागबली सिंह गोंड (32), अनिल कुमार केवट (38) एवं पंकज कुमार चन्द्रा (22) शामिल हैं। सभी आरोपी अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर छह आरोपी फरार
पुलिस की दबिश के दौरान अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर छह आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों में शैलेन्द्र शर्मा उर्फ शमी, अंकित मिश्रा, उमाकान्त केवट उर्फ लाला केवट, पीतांबर साहू उर्फ राजा, शिवदयाल महरा उर्फ बोड्डा एवं रामकुमार महरा शामिल हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
7 मोटरसाइकिल सहित 4.32 लाख का सामान जब्त
जुए के फड़ से पुलिस ने 12 हजार रुपये नगद, ताश की तीन गड्डियां, एक बोरी, दो एंड्रायड मोबाइल फोन एवं सात मोटरसाइकिल बरामद की हैं। जब्त मशरूके में सात मोटरसाइकिलों की कीमत 4 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन की कीमत 20 हजार रुपये आंकी गई है। नगद राशि सहित कुल जब्ती 4 लाख 32 हजार रुपये की बताई गई है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिजुरी विकास सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विपुल शुक्ला, आरक्षक लक्ष्मण डांगी, विश्वजीत मिश्रा, राकेश चौहान, राजदेव सिंह एवं करमजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


0 Comments