रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
1548 नशीली गोलियां और 298 ग्राम गांजा बरामद, करीब 20 हजार रुपये की मशरूका जब्त
सोहागपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए शहडोल पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सोहागपुर पुलिस ने नशीली गोलियों एवं गांजा की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1548 नशीली गोलियां, 298 ग्राम गांजा और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 04 नवंबर 2026 को थाना सोहागपुर पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र सोनी उर्फ गोलू उर्फ मोसी, पिता सुरेश सोनी, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, वर्मन मोहल्ला, सोहागपुर, जिला शहडोल के घर पर विधिवत वैधानिक तलाशी कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से NITRAZEPAM TABLETS IP NITZASCEN-10 की कुल 1548 नशीली गोलियां तथा 298 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त आरोपी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद नशीली गोलियों की कीमत लगभग 7 हजार रुपये, गांजे की कीमत 3 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत 10 हजार रुपये है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 20 हजार रुपये है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशीली गोलियां एवं गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने घर में छिपाकर रखना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी सोहागपुर निरीक्षक संजय जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में सउनि भागवंत चौधरी, उ.नि. नेहा उइके, प्र.आर. पंकज प्यासी, म.प्र.आर. बसंता सिंह श्याम, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बेस, आरक्षक वीरेंद्र पटेल, महिला आरक्षक मंजू साहू एवं चालक आरक्षक ब्रजराज डाबी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शहडोल पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।


0 Comments