रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल। कोतवाली पुलिस ने 50 हजार रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया आईफोन मोबाइल एवं नकदी सहित कुल 50 हजार रुपये की शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे स्टेशन के बाहर मिला था फरियादी, सुनसान मकान में ले जाकर की चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 5 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली शहडोल में फरियादी विकास कोल, पिता दिनेश कोल, निवासी शक्ति बहरा, थाना बेलगहना, जिला बिलासपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 नवंबर 2026 को नागपुर से ट्रेन द्वारा शहडोल आने के बाद आगे जाने का साधन नहीं मिलने पर वह रेलवे स्टेशन के बाहर रुक गया था।
इसी दौरान दो व्यक्ति उसके संपर्क में आए और शराब दुकान से शराब खरीदने के बाद उसे रेलवे कॉलोनी स्थित एक निर्जन खंडहर मकान में ले गए, जहां उसे शराब पिलाई गई। फरियादी के नशे में होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसकी जेब से आईफोन मोबाइल एवं नकदी चोरी कर ली। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस की तत्परता से तीन आरोपी गिरफ्तार
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध धारा बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश एवं पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान विकास लोढ़ी उर्फ पोलू, राज जायसवाल एवं सागर बर्मन की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास लोढ़ी उर्फ पोलू, पिता स्व. राम सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी रेलवे कॉलोनी शहडोल; राज जायसवाल, पिता सतीश जायसवाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम कुंदरी, थाना सोहागपुर; तथा सागर बर्मन, पिता सुखराम बर्मन, उम्र 25 वर्ष, निवासी कृष्णा टॉकीज के पास, कोतवाली शहडोल शामिल हैं।
चोरी की शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद
पुलिस पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी गया आईफोन मोबाइल एवं नकदी सहित कुल 50 हजार रुपये की शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई। इसमें उप निरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक आशाराम कुशवाहा, प्रधान आरक्षक मयाराम, प्रधान आरक्षक संजीव शुक्ला, प्रधान आरक्षक शिवकरण यादव एवं आरक्षक रवि वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले का त्वरित खुलासा हुआ और फरियादी की चोरी गई संपत्ति पूरी तरह बरामद कर ली गई।


0 Comments