रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
दो आरोपी गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक अभिरक्षा में; ₹1.50 लाख का मशरूका बरामद
धनपुरी। धनपुरी थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1.50 लाख कीमत का चोरी गया इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 नवंबर 2026 को फरियादी खुबलाल गुहा निवासी कैंप नंबर-01 धनपुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी अंकित इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अज्ञात चोर सीलिंग फैन, साउंड बॉक्स, इंडक्शन, मिक्सर, वाटर हीटर, झालर, सूमर लाइट, गैस चूल्हा, तार के बंडल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री चोरी कर ले गए हैं। मामले में थाना धनपुरी में अपराध क्रमांक 323/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़े आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह गहरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 06 नवंबर 2026 को संदेह के आधार पर मोहम्मद राजा, रोहन कोल एवं एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उनके कब्जे से चोरी गया इलेक्ट्रॉनिक सामान, जिसमें साउंड बॉक्स, इंडक्शन, मिक्सर, वाटर हीटर, पंखे, लाइट, गैस चूल्हा एवं तार सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। साथ ही चोरी में प्रयुक्त लोहे की सब्बल और दो एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किए गए। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹1,50,000 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद राजा (24 वर्ष), पिता मोहम्मद इलियास, निवासी विलियस नंबर-01 धनपुरी तथा रोहन कोल (20 वर्ष), पिता लाल प्रसाद कोल, निवासी मुड़ा दफाई धनपुरी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। वहीं एक विधि विरुद्ध बालक को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह गहरवार के नेतृत्व में उप निरीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह सहित थाना धनपुरी के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा होने पर क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।


0 Comments