Ticker

6/recent/ticker-posts

केशवाही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.882 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
बाइक सहित 53 हजार रुपये की मशरूका जब्त, गांजा तस्करी में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी उजागर

बुड़ार। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी केशवाही पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1.882 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 53 हजार रुपये की मशरूका जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 नवंबर 2026 को चौकी केशवाही पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से ग्राम मलया की ओर से ग्राम टेंधा जा रहा है, जिसके पास मोटरसाइकिल की डिग्गी में अवैध गांजा रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम कोटा-टेंधा तिराहा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ब्रजराज सिंह कंवर पिता स्व. छोट सिंह कंवर, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम टेंधा, बड़का टोला के रूप में हुई है।

दो पैकेट में मिला 1.882 किलो गांजा

तलाशी के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल की डिग्गी से दो पैकेट में कुल 1.882 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP18 MU 4349, जिसकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये है, भी जब्त की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 53 हजार रुपये की मशरूका जब्त की है।

आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा विवेचना में लिया गया है।

गांजा तस्करी में दूसरे व्यक्ति की संलिप्तता भी उजागर

पुलिस के अनुसार, आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर रामनरेश पनिका निवासी मलया की संलिप्तता भी सामने आई है। उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी बुड़ार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी केशवाही एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में सउनि संतोष कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक आनंद संत, प्रधान आरक्षक उमेश सिंह राठौर एवं आरक्षक जितेंद्र सिंह राठौर की सराहनीय भूमिका रही।




Post a Comment

0 Comments