मोहम्मद शकील
कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए प्रदेश भाजपा द्वारा सभी जिलों में आवासीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इसी क्रम में शहडोल भाजपा का जिला प्रशिक्षण वर्ग 3, 4 एवं 5 दिसंबर को होटल न्यू यश पैलेस में आयोजित किया जा रहा है। जिसे लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रमुख संतोष लोहानी ने बताया कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए भाजपा द्वारा प्रत्येक वर्ष प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में शहडोल में भी जिला अध्यक्ष श्री कमल प्रताप सिंह के नेतृत्व में तीन दिवसीय आवासीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है जिसमें जिले के सभी जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मोर्चों के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री मुख्य रूप से शामिल होंगे। जिन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रदेश द्वारा नियुक्त किए गए विषय वक्ताओं का आगमन प्रशिक्षण शिविर में होने जा रहा है।
जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ 3 दिसंबर को सुबह 10:00 बजे होगा जहां सबसे पहले जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके पश्चात प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ होगा जो 5 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं के खाने-पीने से लेकर रहने की उत्तम व्यवस्था जिला संगठन द्वारा की गई है। जिला प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए जिला संगठन द्वारा जिला महामंत्री संतोष लोहानी को वर्ग प्रमुख जबकि जिला उपाध्यक्ष शीतल पोद्दार एवं जिला महामंत्री मनोज सिंह आर्मो को वर्ग व्यवस्था प्रमुख नियुक्त किया गया है।

0 Comments