रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल । शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया, जब 85 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध अवस्था में खून से लथपथ मिला। मृतक की पहचान मोहम्मद अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुरानी बस्ती स्थित नूरी मस्जिद के पास रेलवे के खाली पड़े क्वार्टर्स के समीप स्थानीय लोगों ने खून से सनी लाश देखी। शव के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, वहीं मृतक के हाथ की उंगलियां भी टूटी हुई बताई जा रही हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना शहडोल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


0 Comments