रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
रंग-गुलाल और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह
बिजुरी। सनातन धर्म के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में शनिवार को नगर पालिका परिषद बिजुरी की अध्यक्ष सहबीन पनिका के निज निवास माइनस कॉलोनी में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सौहार्द और खुशियों के रंग उस समय और गहरे हो गए जब प्रदेश के राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने समारोह में शिरकत की।
रंग-गुलाल के साथ साझा की खुशियाँ
शनिवार दोपहर आयोजित इस मिलन समारोह में नगर के प्रबुद्ध जनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भारी उपस्थिति रही। अतिथि के रूप में पहुँचे मंत्री दिलीप जायसवाल का अध्यक्ष सहबीन पनिका व उनके परिजनों ने आत्मीय स्वागत किया। मंत्री श्री जायसवाल ने उपस्थित जनों को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि होली का त्यौहार आपसी भेदभाव को मिटाकर प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश देता है।
सांस्कृतिक और सौहार्दपूर्ण रहा माहौल
कार्यक्रम स्थल माइनस कॉलोनी स्थित शनि मंदिर के पास का वातावरण पूरी तरह फागुनी रंगों में डूबा नजर आया। फूलों की वर्षा और गुलाल की महक के बीच स्थानीय नागरिकों ने एक-दूसरे को गले लगकर बधाई दी।अध्यक्ष सहबीन पनिका ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं बल्कि दिलों को जोड़ने का उत्सव है। आज परिवार के साथ खुशियाँ साझा कर मन हर्षित है।
प्रमुख जन रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के विभिन्न वार्डों के पार्षद, स्थानीय नेता, समाजसेवी और बड़ी संख्या में मातृशक्ति प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया उपस्थित रही। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए स्वल्पाहार और जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।



0 Comments