रिपोर्ट @मोहम्मद शकील
शहडोल/ रामनवमी के पावन पर्व पर शहडोल जिले के सोहागपुर में सामाजिक समरसता और भाईचारे की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। राम जानकी मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के रंग बिखेरती हुई आगे बढ़ी।
ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच जब यह शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए मस्जिद के सामने पहुंची, तो वहां का दृश्य अद्भुत और भावुक कर देने वाला था। वर्षों से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने इस वर्ष भी खुले दिल से शोभायात्रा का स्वागत किया।
मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे बढ़कर श्रद्धालुओं का गले मिलकर स्वागत किया और रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ठंडे पानी और शरबत की सेवा की गई, वहीं पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा को सम्मानित किया गया। यह दृश्य केवल एक स्वागत नहीं, बल्कि दिलों के जुड़ने का प्रतीक बन गया।
इस अनूठे क्षण ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। सोहागपुर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब दिलों में मोहब्बत हो, तो धर्म की दीवारें मायने नहीं रखतीं। यहां की यह परंपरा गंगा-जमुनी तहज़ीब की जीवंत मिसाल बनकर सामने आई।
कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सफ़ी उल्ला, हन्नान खान, सज्जाद खान, अब्बास खान, सूफियान खान, शहजादा, जुबैर, यासिफ, विक्की, पिंटू, नफीस, शादाब, जीशान एवं भोले शंकर अग्रवाल सहित अनेक युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।
सोहागपुर का यह आयोजन केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं रहा, बल्कि यह संदेश देकर गया कि आपसी प्रेम, सम्मान और एकता ही समाज की असली ताकत है।


0 Comments