रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल | दिनांक – 25 मार्च 2026
नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सतत अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को चौपाटी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानदारों को गंदगी फैलाते हुए पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ₹1000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही, प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग पर सख्ती बरतते हुए संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी भी दी गई।
नगर पालिका टीम द्वारा मौके पर ही दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें एवं कचरे का निपटान केवल निर्धारित कचरा वाहन में ही करें। नियमों का पालन न करने की स्थिति में भविष्य में कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
इसी क्रम में बुढार चौक क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दो दुकानदारों के पास से कुल 5.3 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन जप्त की गई। इस उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों से ₹1000 का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार स्वच्छता नियमों के उल्लंघन एवं प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग के प्रकरण में कुल ₹2000 की राशि वसूल की गई।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों एवं पॉलिथीन प्रतिबंध का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अंत में, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें, डस्टबिन का उपयोग करें तथा प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग पूर्णतः बंद करें।


0 Comments