Ticker

6/recent/ticker-posts

अमलाई बसंतपुर दफाई में बेखौफ सट्टा और गांजा का खेल जारी,

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

धुएं में उड़ती जिंदगी, अंकों में बिकती किस्मत

अनूपपुर | जिला मुख्यालय से लगभग 15 किमी दूर स्थित चचाई थाना अंतर्गत अमलाई, बसंतपुर दफाई और कैलोरी क्षेत्र में सट्टा और गांजा का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र में इन अवैध गतिविधियों के लगातार फैलाव ने हालात को चिंताजनक बना दिया है और स्थानीय लोगों में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल भी देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि तय समय पर दूर-दराज से लोग यहां पहुंचते हैं और सट्टा लगाते हैं। इलाके में यह कहावत तक आम हो गई है कि समय पर खाना मिले या न मिले, लेकिन सट्टा नहीं छूटना चाहिए। डबल मुनाफा मिलने के लालच में लोग इस खेल की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। खासकर युवा वर्ग तेजी से इस जाल में फंसता नजर आ रहा है, जो आसानी से पैसे कमाने के चक्कर में अपनी दिशा भटकता जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार अब यह कारोबार सिर्फ मौके पर ही नहीं बल्कि कॉल के माध्यम से भी संचालित किया जा रहा है। बताया जाता है कि लोग फोन के जरिए भी सट्टा लगाते हैं, जिससे यह पूरा नेटवर्क और अधिक फैलता हुआ नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था ने पूरे सिस्टम को और ज्यादा मजबूत और फैला हुआ बना दिया है।

वहीं दूसरी ओर गांजा की उपलब्धता भी क्षेत्र में सहज बताई जा रही है। गली-मोहल्लों तक इसकी पहुंच ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। नशे की लत के कारण कई युवा अपने परिवार और भविष्य से दूर होते जा रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि यह प्रवृत्ति आने वाले समय में सामाजिक ढांचे को कमजोर कर सकती है।

स्थानीय लोगों का यह भी मानना है कि सट्टा और नशे का यह बढ़ता कारोबार आगे चलकर लूट-पाट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को जन्म दे रहा है। छोटी-छोटी घटनाओं से लेकर बड़े अपराधों तक की आशंका अब लोगों को सताने लगी है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

एक ओर पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान द्वारा अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं और कई स्थानों पर कार्रवाई भी की गई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय के इतने करीब स्थित इन क्षेत्रों में इस तरह का कारोबार लगातार फैलता दिखाई दे रहा है, जो कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सट्टा और गांजा जैसे दोनों अवैध कारोबारों पर तत्काल छापेमार कार्रवाई की जाए और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके और युवाओं को इस जाल से बाहर निकाला जा सके।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मुद्दे पर कितनी तत्परता दिखाता है और अमलाई, बसंतपुर दफाई व कैलोरी क्षेत्र को सट्टा और नशे के इस जाल से बाहर निकालने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।


Post a Comment

0 Comments