रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
जिला कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ हुआ मशाल जुलूस, स्टेशन तिराहा से वापस होकर जिला कांग्रेस कार्यालय में हुआ समापन, प्रधानमंत्री व भाजपा सरकार के खिलाफ लगे नारे, दोषियों पर कठोर कार्यवाही एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की गई मांग
कांग्रेस पार्टी ने NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि परीक्षा का स्वरूप अब एक "नीलामी" जैसा हो गया है और इसमें "बड़े लोगों" को बचाया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों को आश्वासन दिया है कि वह संसद में उनकी आवाज बनेंगे और उनके भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे। कांग्रेस ने NEET घोटाले की तुलना 'व्यापम' घोटाले से की है और आरोप लगाया है कि सरकार इसे दबाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। NEET पेपर लीक मामले को मध्यप्रदेश कांग्रेस ने महाघोटाले का नाम दिया है और दिनांक 16 मई 2026 को मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर मध्यप्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों द्वारा NEET पेपर लीक महाघोटाले के विरोध में मशाल जुलूस निकाला गया। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान के नेतृत्व में दिनांक 16 मई को शाम 6 बजे से जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर से हाथों में मशाल व पोस्टर लेकर स्टेशन तिराहा तक एवं स्टेशन तिराहा से वापस जिला कांग्रेस कार्यालय तक मशाल जुलूस निकाला गया। जहां सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी व आमजन उपस्थित रहें। जुलूस के दौरान प्रधानमंत्री व केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग की गई। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत और परिवारों के आर्थिक त्याग के बाद NEET परीक्षा दी थी। लेकिन परीक्षा रद्द होने से छात्रों पर मानसिक और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। केंद्र सरकार परीक्षा सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। पिछले एक दशक में देशभर में दर्जनों परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली की घटनाएं सामने आई हैं। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों के साथ विश्वासघात है। हमारी मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो दोषियों को कठोर सजा मिले। मशाल जुलूस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के साथ पूर्व विधायक सुनील सराफ, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, कांग्रेस गौ संरक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ व्हीपीएस चौहान, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंदराम सिंह, वरिष्ठ महिला कांग्रेस नेत्री श्रीमती रूपा श्रीवास्तव, कांग्रेस जिला कांग्रेस महासचिव डॉ विनय शुक्ला, सत्येंद्र दुबे, पुरषोत्तम चौधरी, राघवेंद्र पटेल, निर्भय नारायण राव, जिला सचिव राजूराम पटेल, नरोत्तम दास, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी अहमद, नगरीय निकाय प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रितेश खंडेलवाल, सेवादल यंग ब्रिगेड जिलाध्यक्ष मो सफीर, बेरोजगार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मनोज बर्मन, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुलाब पटेल, रजन राठौर, नरेंद्र सिंह एवं जिले के अन्य मोर्चा, विभाग, प्रकोष्ठ के पदाधिकगण सहित नगर अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष तथा कार्यकर्तागण उपस्थित रहें।


0 Comments