Ticker

6/recent/ticker-posts

रक्तदान महादान” की भावना के साथ शिव मारुति युवा संगठन का सराहनीय प्रयास, 31 यूनिट रक्त संग्रहित

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

अनूपपुर। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय शिव मारुति युवा संगठन द्वारा अपने स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार 8 मई 2026 को श्री शिव मारुति मंदिर परिसर सामतपुर, अनूपपुर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। “रक्तदान महादान” की प्रेरणादायी परिकल्पना के साथ आयोजित इस शिविर में युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानवता की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में कुल 31 लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। विशेष बात यह रही कि बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर दूसरों को भी प्रेरित किया।रक्तदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छ एवं सुरक्षित रक्तदान व्यवस्था, जलपान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रक्तदाताओं को फलदार पौधे भी वितरित किए गए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि “रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।”

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सभी नागरिकों के प्रति संगठन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, युवा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments