रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल | भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक प्याऊ (पेयजल केंद्र) प्रारंभ किए गए हैं। यह व्यवस्था कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में की गई है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में शहर के जय स्तंभ चौक, रैन बसेरा परिसर, कलेक्ट्रेट परिसर, सोहागपुर स्थित रामलीला मंच के पास, भूसा तिराहा, पुराने नगर पालिका कार्यालय के सामने तथा नया बस स्टैंड (गंज क्षेत्र) में प्याऊ स्थापित किए गए हैं।
इन प्याऊ केंद्रों के माध्यम से राहगीरों एवं आम नागरिकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को काफी राहत मिल रही है।
नगर पालिका द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी प्याऊ केंद्रों पर नियमित साफ-सफाई बनाए रखते हुए पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा जनहित में इस प्रकार की व्यवस्थाएं आगे भी निरंतर जारी रखी जाएंगी।


0 Comments