Ticker

6/recent/ticker-posts

AIMIM शहडोल ने नाज़िया इलाही ख़ान के खिलाफ़ खोला मोर्चा, सोहागपुर थाने में शिकायत सौंपकर FIR दर्ज करने की उठाई मांग

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

शहडोल। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) शहडोल की ओर से मोहम्मद यासीन ख़ान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सोहागपुर थाना पहुंचकर नाज़िया इलाही ख़ान के विरुद्ध लिखित शिकायत सौंपते हुए एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।


शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रसारित एक कथित पॉडकास्ट/रील में नाज़िया इलाही ख़ान द्वारा पैगंबर हज़रत मुहम्मद साहब एवं उम्मुल मोमिनीन हज़रत आयशा सिद्दीका (रज़ियल्लाहु अन्हा) के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले वक्तव्य दिए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उक्त वीडियो के प्रसारित होने से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई है।


AIMIM शहडोल ने अपनी शिकायत में नाज़िया इलाही ख़ान के साथ-साथ संबंधित पॉडकास्ट की एंकर दिव्या सिंह एवं वीडियो के निर्माण, रिकॉर्डिंग, संपादन, प्रकाशन और प्रसार में शामिल अन्य सभी जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

शिकायत के साथ इंस्टाग्राम प्रोफाइल का विवरण, संबंधित रील का लिंक तथा स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी समाज में तनाव का कारण बन सकती है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस अवसर पर मोहम्मद यासीन ख़ान के साथ AIMIM शहडोल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सोहागपुर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।





Post a Comment

0 Comments