Ticker

6/recent/ticker-posts

बंगवार भूमिगत खदान में भीषण हादसा: एयर ब्लास्ट के बाद रूफ फाल, 2 मजदूरों की मौत, कई घायल

 



रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

शहडोल/ South Eastern Coalfields Limited की बंगवार अंडरग्राउंड कोयला खदान में शुक्रवार को हुए भीषण हादसे ने पूरे कोयलांचल को झकझोर कर रख दिया। सोहागपुर क्षेत्र स्थित खदान के भीतर अचानक जोरदार एयर ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद खदान की छत भरभराकर गिर पड़ी। इस दर्दनाक हादसे में दो ठेका मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। कुछ कर्मचारियों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतकों की पहचान बल्लू बैगा और गोलू बैगा के रूप में हुई है। हादसे के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल ने अब तक पांच मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों अनिल कुमार और सुजल वर्मा ने बताया कि खदान के भीतर अचानक विस्फोट जैसी तेज आवाज सुनाई दी। इसके कुछ ही सेकंड बाद छत का हिस्सा तेजी से गिरने लगा। मजदूर संभल पाते उससे पहले ही भारी मलबा उन पर आ गिरा। हादसे के बाद अंदर मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही SECL प्रबंधन, पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। खदान के भीतर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इधर, इस हादसे ने खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और मजदूरों की कार्यस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मजदूरों और उनके परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी लंबे समय से की जा रही थी, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे संभावित मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना और हादसे की वास्तविक वजह सामने लाना है।


कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने एसईसीएल की बंगवार (धनपुरी) में भूमिगत कोयला खदान धंसने की घटना की सूचना मिलने पर निजी हॉस्पिटल शहडोल में पहुंचकर भर्ती घायलों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की। तथा मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त।

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने बताया कि उक्त घटना में 2 व्यक्तियों की मृत्यु एवं 4 व्यक्ति घायल हुए। उन्होंने बताया कि मृतक व्यक्तियों को कंपनियां द्वारा आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी एवं घायलों का उपचार एक निजी हॉस्पिटल में किया जा रहा है तथा बेहतर उपचार करने हेतु चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







Post a Comment

0 Comments