रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनूपपुर। अनूपपुर-कोतमा मुख्य मार्ग पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सांधा ओवरब्रिज के समीप हाथियों का एक झुंड सड़क के किनारे आ पहुंचा। व्यस्त मार्ग और रिहायशी क्षेत्र के बेहद करीब हाथियों की मौजूदगी से राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
हाथियों की सूचना मिलते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और तमाशबीन घटनास्थल पर एकत्र हो गए। भीड़ बढ़ने से मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई, जिससे हाथियों के उत्तेजित होने का खतरा भी बढ़ गया। वन विभाग और पुलिस ने लोगों को तत्काल वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
सूचना मिलते ही अनूपपुर वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा तथा यातायात को नियंत्रित किया। वन विभाग के कर्मचारी हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उन्हें सुरक्षित तरीके से पुनः जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि हाथियों के पास जाने, सेल्फी लेने या वीडियो बनाने का प्रयास न करें। अधिकारियों का कहना है कि हाथी अत्यंत संवेदनशील वन्यजीव हैं और भीड़, शोर-शराबे अथवा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ से आक्रामक हो सकते हैं, जिससे जनहानि का खतरा बढ़ सकता है।
फिलहाल वन विभाग और पुलिस का अमला पूरी तरह मुस्तैद है। लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने, अनावश्यक भीड़ न लगाने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



0 Comments