रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
जिला कांग्रेस कार्यालय से अनूपपुर रेलवे स्टेशन तक निकाला पैदल मार्च, यात्री सुविधाओं के विस्तार और लंबित कार्यों के शीघ्र पूर्ण करने की मांग
अनूपपुर। जिले की रेलवे एवं जनसुविधाओं से जुड़ी लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा रेलवे प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार "गुड्डू चौहान" के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय से अनूपपुर रेलवे स्टेशन तक पैदल मार्च निकाला गया, जिसके बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन रेलवे स्टेशन अधीक्षक अनूपपुर जंक्शन के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित पुष्पराजगढ़ एवं कोतमा विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से रेलवे सुविधाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही है। इन समस्याओं के निराकरण के लिए पूर्व में भी कई बार मांग पत्र एवं पत्राचार किए गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार "गुड्डू चौहान" ने ज्ञापन के माध्यम से वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख यात्री ट्रेनों के ठहराव की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि रेलवे अधिकारियों द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों का शीघ्र पालन किया जाना चाहिए। साथ ही अनूपपुर रेलवे आरक्षण केंद्र के समय में की गई कटौती को समाप्त कर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 से प्लेटफॉर्म क्रमांक-3 तक निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, स्टेशन के बाहर सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण कराने तथा वर्षों से लंबित अनूपपुर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने की मांग की गई।
इसके अलावा चिरमिरी-रीवा एक्सप्रेस एवं रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस का संचालन कोरोना काल से पूर्व की तरह प्रतिदिन किए जाने, शहडोल से नागपुर तक संचालित एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार अंबिकापुर से नागपुर तक करने तथा इसे अनूपपुर जिले के बिजुरी, कोतमा एवं अनूपपुर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव देने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को द्वारा वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशनों पर यात्री ट्रेनों के ठहराव को लेकर रेलवे प्रबंधन को भेजे गए पत्रों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि 15 दिवस में कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद अब तक कोई संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया है। जिला कांग्रेस ने संबंधित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार "गुड्डू चौहान" ने कहा कि रेलवे सुविधाओं का विस्तार और लंबित कार्यों का निराकरण जिले के नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने रेलवे प्रबंधन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह, डॉ. व्हीपीएस चौहान प्रदेश अध्यक्ष गौ संरक्षण प्रकोष्ठ, आशीष त्रिपाठी विधानसभा प्रभारी जयसिंहनगर, आशुतोष मार्को जिलाध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस, वरिष्ठ अधिवक्ता वासुदेव चटर्जी, मयंक त्रिपाठी, शिव कुमार गुप्ता जिलाध्यक्ष कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ, संतोष पाण्डेय उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस, राजीव सिंह अध्यक्ष जनपद पंचायत जैतहरी, सत्येंद्र दुबे, संतोष यादव, निलेश भट्ट, जिला सचिव गरिमा सिंह, आदिवासी कांग्रेस महिला अध्यक्ष हेमा प्रधान, संध्या वर्मा जिलाध्यक्ष राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, मानवेंद्र मिश्रा जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस, रफी अहमद जिलाध्यक्ष एनएसयूआई, नीरज मिश्रा जिलाध्यक्ष सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, रजन राठौर ब्लॉक अध्यक्ष जैतहरी, गुलाब पटेल ब्लॉक अध्यक्ष अनूपपुर, रेखा राठौर जनपद पंचायत सदस्य, रियाज अहमद पार्षद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



0 Comments