Ticker

6/recent/ticker-posts

सरईकापा में फिर जगी पक्के घर की उम्मीद: पीएम आवास योजना से कटे हितग्राहियों की जांच करने पहुंची जिला स्तरीय टीम

 


रिपोर्ट  @मिर्जा अफसार बेग 

सोहागपुर। जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सरईकापा में प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित हुए हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। योजना से नाम कटने की शिकायतों के बाद मंगलवार को शहडोल जिला कार्यालय से अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और प्रभावित हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लिया।


अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर योजना से बाहर हुए सभी हितग्राहियों से मुलाकात की तथा उनके नाम, पता और आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से सत्यापन किया। जांच के दौरान टीम ने प्रत्येक प्रकरण दर्ज करते हुए पात्रता की पुनः समीक्षा की प्रक्रिया शुरू की।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन हितग्राहियों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से कट गए हैं, उनके प्रकरणों की दोबारा जांच की जाएगी। जांच में पात्र पाए जाने वाले सभी लोगों के नाम पुनः सूची में शामिल किए जाएंगे, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।

जिला स्तरीय टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। पात्रता के आधार पर सभी योग्य हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

टीम के गांव पहुंचने और जांच शुरू होने से योजना से वंचित परिवारों में उम्मीद की नई किरण जगी है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।


Post a Comment

0 Comments