रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनूपपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग में हाल ही में प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक की समस्त कार्यकारिणियों को भंग किए जाने के बाद संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी, अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, मध्य प्रदेश प्रभारी एवं नेशनल कोऑर्डिनेटर आबिद कागज़ी, सह प्रभारी लियाकत गद्दी तथा मध्य प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शेख अलीम की सहमति से नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले से जिलाध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। इसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तहत कांग्रेस पार्टी के सक्रिय युवा नेता एज़ाज़ खान को अनूपपुर जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
एज़ाज़ खान जिले में संगठन के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं से चर्चा कर योग्य एवं समर्पित नामों का चयन करेंगे, जिन्हें प्रदेश नेतृत्व के समक्ष भेजा जाएगा। इसके बाद अंतिम निर्णय लेकर नए जिलाध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
कांग्रेस संगठन के इस कदम को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं में नए नेतृत्व को लेकर उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि पुनर्गठन के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।



0 Comments