Ticker

6/recent/ticker-posts

रेत से भरी डग्गी पलटी, बाल-बाल बची बाइक सवार की जान

 


रिपोर्ट @शम्भूनाथ सोनी

*घुनघुटी मार्ग पर हादसे के बाद उठे सवाल: क्या वैध टीपी से हो रहा था रेत का परिवहन?*

*ओवरलोड और अवैध परिवहन पर ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग*

उमरिया --- जिले के मानपुर क्षेत्र में रेत माफियाओं की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बची। घुनघुटी की ओर रेत लेकर जा रही एक मिनी डग्गी शुक्रवार को घुनघुटी-जमड़ी मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसा उस समय हुआ जब सामने से एक मोटरसाइकिल चालक गुजर रहा था। चालक की सतर्कता और गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। डग्गी पलटने से सड़क पर रेत फैल गई और करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वाहन में लदी रेत का परिवहन वैध टीपी के साथ किया जा रहा था? रेत किस खदान से निकाली गई, गंतव्य कहां था और वाहन ओवरलोड तो नहीं था? इन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मानपुर-घुनघुटी मार्ग पर रेत से भरे भारी वाहनों की आवाजाही दिनभर लगी रहती है। ओवरलोड और तेज रफ्तार के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। 

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। यदि अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।

यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं है। यह रेत परिवहन व्यवस्था की लचर निगरानी और नियमों के खुलेआम उल्लंघन का प्रमाण है। अब देखना है प्रशासन जांच के नाम पर खानापूर्ति करता है या कार्रवाई।



Post a Comment

0 Comments